चंबा। मुस्लिम लड़की से मोहब्बत के कारण हिमाचल प्रदेश में 21 साल के एक हिंदू युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनोहर के रूप में हुई है। मनोहर की लाश आठ टुकड़ों में एक नाले से बरामद हुई है। पुलिस ने इस मामले में शबीर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनोहर 6 जून 2023 से लापता था। उसका शव पुलिस ने 9 जून 2023 (शुक्रवार) को बरामद किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला चम्बा के सलूनी इलाके में बांदल गाँव का है। यहाँ के रहने वाले मनोहर का रुखसाना नाम की लड़की से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि लड़की के घर वालों को ये रिश्ता पसंद नहीं था।
इसी बीच 6 जून को मनोहर अचानक लापता हो गया। घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे। तीन दिन बाद सलूनी इलाके में ही एक नाले के पास से गुजर रहे कुछ लोगों को बदबू आई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद एक बोरा नाले से निकाला गया। बोरे को खोला गया तो उसमें एक युवक की लाश थी। शव 7-8 टुकड़ों में कटा हुआ था। शव की पहचान मनोहर के रूप में हुई।
मामले की जानकारी मिलते ही हिन्दू संगठन आक्रोशित हो गए। धारा 302 के तहत केस दर्ज कर पुलिस जाँच कर रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। जाँच के दौरान शबीर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने शबीर को गिरफ्तार कर कोर्ट से 5 दिनों की रिमांड ली है। शबीर को रुखसाना का भाई बताया जा रहा है।
मृतक की माँ ने आरोपियों के लिए फाँसी की माँग की है। मनोहर की माँ ने रुखसाना के चाचा मुसाफिर पर भी अपने बेटे की हत्या में शामिल होने का शक जताया है। चम्बा में हिन्दू संगठनों ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की है।